उज्जैन में कुछ लोगों ने लड़की भगाने की बात को लेकर नाबालिग लड़के को तालिबानी सजा दे दी। पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की गई और फिर करीब डेढ़ किलोमीटर तक उसे निर्वस्त्र कर बाजार में घुमाया गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की बात कही है। जानकारी के अनुसार, पंवासा क्षेत्र में रहने वाले नाबालिग लड़के का एक नाबालिग लड़की से प्रेम प्रसंग था। दोनों के घर से भाग जाने के बाद लड़की के परिजनों ने इस घटना को अंजाम दिया। पीड़ित लड़का अपनी मां के साथ कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचा। पहले पीटा फिर निर्वस्त्र कर शहर में घुमाया पीड़ित ने बताया कि शुक्रवार दोपहर लड़की के परिजनों ने उसे पकड़ लिया और पहले जमकर मारपीट की। इसके बाद उसके कपड़े फाड़ दिए गए। जब इससे भी मन नहीं भरा तो उसके हाथ रस्सी से बांधकर करीब डेढ़ किलोमीटर तक निर्वस्त्र अवस्था में शहर में घुमाया गया। पीड़ित ने बताया कि वह शंकरपुर में रहता था और पास में रहने वाली लड़की से प्रेम करता था। करीब तीन महीने पहले वह लड़की को लेकर घर से भाग गया था, जिसके बाद पंवासा थाने में दोनों को पेश किया गया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया, जबकि लड़की को सुधार गृह भेजा गया था। इस दौरान आरोपियों ने उसके घर में तोड़फोड़ भी की थी। लड़के ने बताया कि एक महीने बाद जेल से रिहा होने पर वह अपनी अपाहिज मां के साथ मौसी के घर देवास चला गया था। गुरुवार को मां की तबीयत खराब होने पर वह पैसे लेने के लिए उज्जैन आया था। डर के चलते उसने श्री सिंथेटिक्स के पास दोस्त को बुलाया, जहां आरोपियों ने उसे पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है।


