हरियाणा के पंचकूला निवासी एक युवक के साथ ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर ठगी हो गई। पीड़ित की शिकायत पर ठगी को अंजाम देने वाले करनाल शहर निवासी मां-बेटे के खिलाफ पंचकूला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पंचकूला के जोड़ी गांव निवासी अमित कुमार ने बताया कि उसे पता लगा कि करनाल के सेक्टर-13 निवासी चैतन्या गेरा विदेश भेजने का काम करता है। उसने चैतन्या गेरा से मुलाकात की। चैतन्या ने उसे कहा कि 24 लाख रुपए में वह उसे ऑस्ट्रेलिया का वर्क वीजा दिलवा सकता है। शुरूआत में उसने चैतन्या की मां अनु गेरा के खाते में 2 लाख रुपए ट्रांसफर किए। उसके बाद चैतन्या गेरा ने अपने खाते में 30 हजार रुपए लिए। पैसे लेते समय उसने कहा था कि 4 महीने में वीजा आ जाएगा। फर्जी PDF फाइल भेजी पीड़ित ने 4 महीने इंतजार किया, उसके बाद आरोपी ने फिर से 2-3 महीने का समय मांगा। जिसके बाद आरोपियों ने उसे एक PDF फाइल भेजकर उसे वीजा बताया। उसने चेक करवाया तो वह फर्जी निकला। जिसके बाद उसने अपने पैसे वापस मांगें तो आरोपियों ने एक लाख रुपए अकाउंट में वापस कर दिए। बाकी के पैसे आरोपियों ने देने से मना कर दिया। जल्द गिरफ्तार होंगे आरोपी पंचकूला के रायपुर रानी थाना के जांच अधिकारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर धारा 316(2),318(4),61(2) बी एन एस व 24 इमीग्रेशन एक्ट 1983 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को तलाश चल रही है, जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


