सीतापुर में चौराहा सौंदर्यीकरण अभियान के तहत बुधवार सुबह प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार बुलडोजर चलाए है। शहर कोतवाली क्षेत्र के मंडी चौराहे पर सुबह करीब 6 बजे से शुरू हुई इस कार्रवाई में मंडी पुलिस चौकी समेत आसपास के कई भवनों के आंशिक हिस्सों को हटाया गया। प्रशासन की इस मुहिम के दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। कार्रवाई के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, अपर जिलाधिकारी नीतीश कुमार सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पीएसी और भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया था। प्रशासन ने पहले ही अतिक्रमणकारियों को नोटिस देकर निर्माण हटाने के निर्देश दिए थे, लेकिन समय सीमा समाप्त होने के बाद यह सख्त कदम उठाया गया। 4 तस्वीरें देखिए… एडीएम के अनुसार, कैप्टन मनोज पांडे चौक के चारों ओर लगभग 150 मीटर तक फैले अवैध अतिक्रमण को हटाया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जा सके। इस क्षेत्र में लंबे समय से अतिक्रमण के कारण जाम की समस्या बनी रहती थी, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। प्रशासन का कहना है कि चौराहे के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ यहां आधुनिक आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) लागू करने की योजना भी है। इसके तहत ट्रैफिक कंट्रोल को और बेहतर बनाया जाएगा, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा। स्थानीय लोगों ने कार्रवाई को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया दी है। जहां कुछ लोगों ने इसे जरूरी कदम बताया, वहीं प्रभावित दुकानदारों ने अपनी नाराजगी भी जाहिर की। फिलहाल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर को व्यवस्थित और सुंदर बनाने के लिए आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।


