विधायक दल की बैठक में सीएम बोले-विधायकों पर तीसरी आंख:कहा- लगातार कामकाज पर नजर रखी जाती है, प्रदेश में एंटी-इनकंबेंसी का माहौल नहीं

विधायक दल की बैठक में सीएम बोले-विधायकों पर तीसरी आंख:कहा- लगातार कामकाज पर नजर रखी जाती है, प्रदेश में एंटी-इनकंबेंसी का माहौल नहीं

जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- विधायकों के कामकाज पर लगातार नजर रखी जाती है। विधायकों पर तीसरी आंख भी है, इसलिए सभी जनप्रतिनिधियों को अपने व्यवहार और कामकाज को लेकर सतर्क रहना चाहिए। विधानसभा में मंगलवार को बीजेपी विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल संबोधित कर रहे थे। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा- सरकार के अब तक के कार्यकाल में किए गए जनकल्याणकारी कामों के चलते प्रदेश में एंटी-इनकंबेंसी का माहौल नहीं है। यह सरकार के लिए सबसे सुखद बात है। सरकार लगातार विकास और जनता के हित के काम में जुटी है। इससे जनता का विश्वास सरकार में बना हुआ है। सीएम भजनलाल ने मंत्रियों से भी कहा- आने वाले वर्ष में हमें प्रदेश की सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों तक अपनी पहुंच मजबूत करनी हैं। इसके लिए मंत्री जनता के बीच 8 से 10 घंटे रहकर काम करें। कहा- मंत्री और विधायक सुनें जनता की समस्याएं, करें समाधान
सीएम ने विधायकों से कहा- मंत्री और विधायक जनता के बीच में जाकर समस्याएं सुनें और उनका समाधान करें। क्योंकि जनता से सीधा संवाद ही सरकार की सबसे बड़ी ताकत है। सीएम ने कहा- प्रत्येक विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र में ग्राउंड तक जाए और सरकारी योजनाओं से आमजन को जोड़े। उन्होंने सदन में सक्रिय और प्रभावी प्रदर्शन करने वाले विधायकों की सराहना भी की। राजस्थान दिवस को लेकर भी चर्चा
बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान दिवस के कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने सभी विधायकों को राजस्थान दिवस के कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए कहा। बता दें कि इस बार राजस्थान दिवस समारोह की शुरुआत स्वच्छता अभियान और ‘विकसित रन’ से होगी। साथ ही ‘एक जिला एक उत्पाद’ प्रदर्शनी, जनजातीय कला प्रदर्शनी, युवा शक्ति मेला, उद्योगपतियों के साथ संवाद और किसान सम्मेलन जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश के मंदिरों में विशेष आरती का आयोजन भी होगा। वहीं जयपुर में सांस्कृतिक संध्या और भव्य आतिशबाजी का भी आयोजन किया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *