गोंडा में ट्रैक्टर से कुचलकर युवक की हत्या के मामले में परिजनों ने सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन

गोंडा में ट्रैक्टर से कुचलकर युवक की हत्या के मामले में परिजनों ने सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन

गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के पूरे अर्जुन गांव में खेत के रास्ते के विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। ट्रैक्टर चढ़ाकर युवक की हत्या के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित पूरे अर्जुन गांव में रविवार को खेत के रास्ते को लेकर चल रही पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। जबकि परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार को शव सड़क पर रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गांव के रहने वाले भरत लाल और रामरंग के बीच खेत के रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। रविवार को जब एक पक्ष का राहुल नामक युवक विवादित खेत में ट्रैक्टर चला रहा था। तभी दूसरे पक्ष के रामरंग ने इसका विरोध किया। आरोप है कि इसी दौरान राहुल ने ट्रैक्टर से रामरंग को कुचल दिया। घटना यहीं नहीं रुकी, बल्कि आरोपी अंकित ने धारदार हथियार से उस पर हमला भी कर दिया। गंभीर रूप से घायल रामरंग को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन

सोमवार को जब पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा। तो आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। हालात को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू कराई। इस मामले में राहुल यादव सहित सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जबकि मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *