एसपी की अनुपस्थिति में डीआईजी मुनिराज ने संभाला जिला:लूट के घटनास्थल का दौराकर खुलासे के दिए निर्देश, चंदौसी में फुट पेट्रोलिंग

एसपी की अनुपस्थिति में डीआईजी मुनिराज ने संभाला जिला:लूट के घटनास्थल का दौराकर खुलासे के दिए निर्देश, चंदौसी में फुट पेट्रोलिंग

संभल में पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई के शादी समारोह में व्यस्त होने के कारण मुरादाबाद डीआईजी मुनिराज ने कानून-व्यवस्था की कमान संभाली है। डीआईजी ने संभल जनपद के चंदौसी का दौरा किया, जहां उन्होंने पैदल गश्त कर पुलिस की सक्रियता का संदेश दिया। उन्होंने अधीनस्थों को बहजोई और बनियाठेर में हुई महिलाओं से जेवर लूट की घटनाओं का जल्द खुलासा करने के सख्त निर्देश दिए। डीआईजी मुनिराज शुक्रवार शाम 05:30 बजे संभल जनपद के भ्रमण पर पहुंचे। उन्होंने 26 मार्च को हुई लूट की घटनाओं को गंभीरता से लिया था। ये घटनाएं संभल की तहसील चंदौसी के थाना बहजोई क्षेत्र के गांव दुधापुर और थाना बनियाठेर क्षेत्र के गांव अल्लीपुर बुजुर्ग में हुई थीं, जहां बदमाशों ने महिलाओं से जेवर लूटे और विरोध करने पर एक महिला को घायल कर दिया था। डीआईजी ने सबसे पहले चंदौसी सर्किल के गांव अलीपुर बुजुर्ग पहुंचकर महिला जमुना देवी से हुई लूट की घटना की जानकारी ली। यहां बदमाशों ने उनके कानों से सोने के कुंडल खींच लिए थे। इसके बाद उन्होंने थाना चंदौसी क्षेत्र के गांव असालतपुर जारई में 24 मार्च को हुई लूट की घटना का भी जायजा लिया, जिसमें बदमाशों ने एक परिवार को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया था। दोनों घटनाओं की जानकारी लेने के बाद डीआईजी ने अधीनस्थ अधिकारियों को जल्द से जल्द खुलासा करने के सख्त निर्देश दिए। शुक्रवार देर शाम डीआईजी मुनिराज ने पुलिस बल के साथ चंदौसी शहर में पैदल मार्च किया। यह मार्च कोतवाली क्षेत्र से शुरू होकर विकास नगर पुलिया तक निकाला गया। इस दौरान उन्होंने आमजन से संवाद कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक संभल कुलदीप सिंह, क्षेत्राधिकारी बहजोई दीपक तिवारी, एएसपी आलोक भाटी, प्रभारी निरीक्षक चंदौसी अनुज कुमार तोमर, कुढ़ फतेहगढ़ थाना प्रभारी लोकेंद्र त्यागी और बनियाठेर प्रभारी सचिन कुमार सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। भ्रमण के दौरान डीआईजी ने प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर फुट पेट्रोलिंग कराई। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता बरतने, प्रभावी गश्त करने और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *