सुल्तानपुर में सनसनी: खेत गई किशोरी का दिनदहाड़े अपहरण, कुछ घंटों बाद घर के बाहर बेहोश मिली

सुल्तानपुर में सनसनी: खेत गई किशोरी का दिनदहाड़े अपहरण, कुछ घंटों बाद घर के बाहर बेहोश मिली

सुल्तानपुर के शिवगढ़ थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय किशोरी के अपहरण का मामला सामने आया है। शनिवार दोपहर खेत गई किशोरी को दो युवकों ने जबरन बाइक से उठा लिया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को हिरासत में लिया। लेकिन शाम को किशोरी घर के बाहर बेहोशी की हालत में मिली।

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार को एक गंभीर घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। दोपहर करीब 2:30 बजे एक 15 वर्षीय किशोरी खेत की ओर गई थी, तभी दो युवकों ने उसे जबरन बाइक पर बैठाकर अगवा कर लिया। घटना को परिजनों ने खुद अपनी आंखों से देखा। जिससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई। किशोरी के पिता ने तुरंत पुलिस को सूचना देते हुए दो नामजद युवकों पर अपहरण का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तेजी दिखाई और करीब दो घंटे के भीतर दोनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई के बाद लग रहा था कि मामला जल्द सुलझ जाएगा। लेकिन इसके बाद घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया।

पहले भी आरोपियों ने अपहरण करने की दी थी धमकी

शाम करीब 7:45 बजे पुलिस को एक चौंकाने वाली सूचना मिली कि किशोरी उसके घर के बाहर बेहोशी की हालत में पड़ी मिली है। यह सूचना इसलिए भी हैरान करने वाली थी क्योंकि जिन युवकों पर आरोप था। वे पहले ही पुलिस हिरासत में थे। इससे मामले में कई सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों का कहना है कि आरोपियों ने पहले भी उनकी बेटी को अगवा करने और उसके साथ गलत काम करने की धमकी दी थी। इस संबंध में परिवार ने पहले शिवगढ़ थाने और हेल्पलाइन पर शिकायत भी दर्ज कराई थी। लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

किशोरी का मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज

घटना के समय किशोरी के माता-पिता दीवानी न्यायालय में एक केस के सिलसिले में गए हुए थे। जब वे वापस लौटे तो उन्हें इस पूरी घटना की जानकारी मिली। किशोरी की दादी ने भी दो युवकों पर अपहरण का आरोप दोहराया है।
पुलिस ने पीड़िता को तुरंत मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच जारी है। किशोरी के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *