सोनीपत जिले की क्राइम यूनिट कुंडली पुलिस टीम ने मादक पदार्थ तस्करी की घटना में संलिप्त एक आरोपी को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सचिन निवासी खेवड़ा, जिला सोनीपत के रूप में हुई है। क्राइम यूनिट कुंडली में नियुक्त सहायक उपनिरीक्षक सुरेश अपनी टीम के साथ 6 जनवरी 2026 को राठधाना स्टेडियम के पास गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि सचिन निवासी खेवड़ा हेरोइन बेचने का काम करता है और इस समय सुपर मैक्स सोसाइटी, मेरठ हाईवे पुल के नीचे हेरोइन लेकर बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक युवक संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस ने उसे काबू कर नाम-पता पूछा तो उसने अपना नाम सचिन निवासी खेवड़ा बताया। आरोपी से 9.27 ग्राम हेरोइन बरामद राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान सचिन की पैंट की जेब से एक प्लास्टिक पन्नी में गांठनुमा पदार्थ बरामद हुआ। जांच में वह पदार्थ हेरोइन पाया गया। बरामद हेरोइन का वजन इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर किया गया, जो कुल 9.27 ग्राम निकला। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज पुलिस ने बरामद हेरोइन को कब्जे में लेकर मादक द्रव्य पदार्थ निरोधक अधिनियम (NDPS Act) के तहत थाना सेक्टर-27 सोनीपत में मामला दर्ज किया। आरोपी को भेजा गया न्यायिक हिरासत में क्राइम यूनिट कुंडली की अनुसंधान टीम में नियुक्त सहायक उपनिरीक्षक मनोज ने अपनी टीम के साथ आरोपी सचिन को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


