सीतापुर के अटरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत जजौर गांव में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां घर के अंदर आराम कर रही एक महिला पर दबंगों ने लोहे के बाट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि आरोपी घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं। जजौर गांव निवासी उमा पत्नी आमोद कुमार शनिवार शाम करीब 5 बजे अपने घर के अंदर चारपाई पर लेटी हुई थीं। इसी दौरान संडीला क्षेत्र, जनपद हरदोई के रहने वाले रिश्ते में लगने वाले भतीजे देबू और सक्षम अचानक उनके घर पहुंचे। बताया जा रहा है कि जमीन बेचने को लेकर उमा और आरोपी भतीजों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों आरोपियों ने घर में रखे करीब एक किलो वजनी लोहे के बाट से उमा के सिर पर कई बार वार कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि उमा मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं। महिला की चीख-पुकार सुनकर उनके पति आमोद कुमार मौके पर पहुंचे और परिजनों की मदद से आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए हिंद अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में कुछ घंटे इलाज के दौरान देर शाम उमा ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया। घटना की सूचना मिलने पर अटरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि परिजनों की तहरीर प्राप्त हो गई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


