सीतापुर जिले में टैक्स चोरी और अवैध भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जीएसटी विभाग ने शनिवार शाम खाद व्यापारी पर बड़ी कार्रवाई की है। खैराबाद थाना क्षेत्र के जमैयतपुर में जीएसटी, राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने बिना बिल के खाद की ढुलाई और अपंजीकृत गोदाम में भंडारण का खुलासा करते हुए छह ट्रकों को पकड़ लिया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार डीएम को किसी गोपनीय व्यक्ति ने नकली खाद सप्लाई की सूचना दी। इस सूचना पर जीएसटी तीन,नायाब तहसीलदार वसुंधरा त्रिपाठी सहित पुलिस मौके पर पहुंची तो जानकारी हुई कि जमैयतपुर क्षेत्र में बड़ी मात्रा में खाद का अवैध भंडारण किया गया है, और बिना किसी वैध दस्तावेज के ट्रकों के माध्यम से खाद को गोदाम से बाहर भेजा जा रहा है। सूचना के आधार पर गठित संयुक्त टीम ने मौके पर छापा मारा। जांच के दौरान पाया गया कि व्यापारी सुधीर जैन की फर्म जैन इंटरप्राइजेज से संबंधित खाद बिना ई-वे बिल और टैक्स इनवॉइस के ट्रकों में लादी जा रही थी। छापेमारी के दौरान टीम ने खाद से भरे छह ट्रकों को मौके पर ही पकड़ लिया। इसके अलावा अपंजीकृत गोदाम की तलाशी लेने पर लगभग 2600 बोरी खाद अवैध रूप से संग्रहित पाई गई। नियमों के उल्लंघन को देखते हुए अधिकारियों ने गोदाम को तत्काल सील कर दिया। साथ ही, सभी छह ट्रकों को जीएसटी विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है। कार्रवाई के समय जीएसटी विभाग के अधिकारियों के साथ राजस्व और कृषि विभाग की टीम भी मौजूद रही। कृषि विभाग के अधिकारियों ने खाद की गुणवत्ता और भंडारण से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की। प्राथमिक जांच में जीएसटी की असिस्टेंट कमिश्नर प्रगति दीक्षित ने बताया कि प्रथम दृष्टया कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। व्यापारी द्वारा जानबूझकर बिना बिल जनरेट किए माल की आपूर्ति की जा रही थी, जिससे सरकार को राजस्व की हानि हो रही थी। मामले में आगे की जांच जारी है और नियमानुसार टैक्स, जुर्माना व अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


