सीतापुर में बस-ट्रक की टक्कर, पीछे से कार भी भिड़ी:हादसे में 12 से अधिक यात्री घायल, तीन वाहन पुलिस कब्जे में

सीतापुर में बस-ट्रक की टक्कर, पीछे से कार भी भिड़ी:हादसे में 12 से अधिक यात्री घायल, तीन वाहन पुलिस कब्जे में

सीतापुर के कोतवाली देहात इलाके में लखीमपुर मार्ग पर रविवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां यात्रियों से भरी रोडवेज बस अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई। इसके बाद पीछे से आ रही एक कार भी बस से टकरा गई। दर्दनाक हादसे में कार और बस में सवार एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि बस सीतापुर रोडवेज बस स्टैंड से सवारियां लेकर एक बस लखीमपुर की ओर जा रही थी। शाम करीब 8 बजे कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के शाह महोली के पास ट्रक का टायर अचानक खराब हो गया, जिससे बस अनियंत्रित हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रही बस ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे कई यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल सीतापुर भेजा गया। घायलों में नीतू पुत्री हरिराम निवासी लक्ष्मीपुरवा थाना कोतवाली नगर हरदोई, सुनीता पत्नी कमलेश निवासी नेहालपुरवा थाना फूलबेहड़ खीरी, कमलेश पुत्र रामसहाय, लक्ष्मी पत्नी मनजीत, सुशील पत्नी शैलेंद्र, इरफान पुत्र अब्बास, आसिफ पुत्र यूनिस निवासी लखपेड़ा गंज खीरी, नीलम पत्नी कमलेश निवासी चंदन चौकी खीरी, अनुज पुत्र राकेश निवासी बेनीपुर हरगांव सीतापुर, बैजंती पुत्री राजेश निवासी रामनगर खीरी, कमलेश पत्नी रामकिशन और नेहा पुत्री रामकिशन सहित अन्य यात्री शामिल हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल सीतापुर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल किसी को भी रेफर नहीं किया गया है। सभी की हालत सामान्य है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *