सिरसा में बुजुर्ग ने अपनी पत्नी की सिर पर फावड़ा मारकर हत्या कर दी। बुजुर्ग दंपती घर पर अकेले थे और घरेलू कलह के चलते घटना को अंजाम दे दिया। हत्या के बाद बुजुर्ग घर से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने बुजुर्ग महिला के शव को देखा तो डायल 112 पर सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। अभी पुलिस बुजुर्ग की तलाश में जुटी है और उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। उनका बेटा व पुत्रवधू दवा लेने के लिए पंजाब में गए हुए थे। कुछ देर बाद सूचना पाकर बुजुर्ग का बेटा भी घर पर पहुंचा और शव खून से लथपथ देखा। अभी पुलिस मृतका के परिजनों के बयान दर्ज करने में जुटी है। बुधवार सुबह महिला के शव का पोस्टमार्टम होगा। ऐलनाबाद थाना प्रभारी प्रगट सिंह के अनुसार, यह घटना ऐलनाबाद के दया सिंह थेहड़ एरिया की है। आज मंगलवार को बुजुर्ग दंपती घर पर थे। मृतका की पहचान 65 वर्षीय जसबीर कौर के रूप में हुई है। दोनों के बीच अक्सर घरेलू कलह रहती थी और काम व देखभाल को लेकर झगड़ा रहता था। आज अलसुबह बेटा अपनी पत्नी के साथ दवा लेने के लिए पंजाब में गया हुआ था। पीछे से बुजुर्ग ने हत्या की घटना को अंजाम दे दिया।


