सिरसा में एक पुलिसकर्मी और सब्जी विक्रेता में झगड़ा हो गया। ये विवाद ककड़ी खाने पर हुआ और उसी के पैसे पुलिसकर्मी से मांगे गए। इसी बात पर पुलिसकर्मी बहस पर उतर आया और सब्जी विक्रेता के बेटे को थप्पड़ जड़ दिया। आरोप है कि दो से तीन थप्पड़ मारे गए। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिसकर्मी और सब्जी विक्रेता दोनों आपस में बहस करते दिख रहे हैं। आसपास में कुछ अन्य ग्राहक भी खड़े हैं, वे भी कहते सुन रहे हैं कि पुलिसकर्मी ने थप्पड़ मारा है। इसका किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब वायरल हो रहा है। पुलिसकर्मी वीडियो बनाने से रोकते व मोबाइल छीनते दिख रहा है और आखिर में सब्जी विक्रेता को 100 रुपए निकालकर देता है। मगर सब्जी विक्रेता थप्पड़ मारने के बाद उसे पैसे लेने से इन्कार कर देता है। ऐसे में ये मामला सरपंच तक पहुंचा और रविवार के चलते शिकायत नहीं दे पाया। सब्जी विक्रेता ने आज सोमवार दोपहर को सिरसा एसपी को पुलिसकर्मी के खिलाफ शिकायत देने की बात कही है। साथ ही सीएम विंडो में भी शिकायत देंगे, ताकि मामले में सख्त कार्रवाई की जा सकें। पुलिसकर्मी ऐलनाबाद में थाने तैनात जानकारी के अनुसार, ये मामला शनिवार शाम ओटू हेड का है। पुलिसकर्मी ऐलनाबाद थाने में SI के पद पर कार्यरत है। सब्जी विक्रेता बोला, वह अपनी ड्यूटी से आया था और पहली बार ही वहां सब्जी लेने के लिए रूका था। ग्राम पंचायत से सरपंच प्रतिनिध अमन कुमार ने भी विक्रेता का समर्थन किया है। उसके साथ जाएंगे। सिलसिलेवार ढंग से जानिएं पूरा मामला महर सिंह ने बताया कि वह चकराइयां गांव का रहने वाला है। गांव और ओटू हेड के बीच सड़क किनारे सब्जी बेचता है। पास में ही उसका खेत है। शनिवार शाम करीब 4 बजे की बात है। उस वक्त उसने अपने बेटे सौरव को वहां पर बैठा रखा था और वह अपनी पत्नी के साथ खेत में काम लगा था। कुछ देर में ऐलनाबाद से पुलिसकर्मी आया और आते ही बोला-सब्जी क्या रेट है। मेरे बेटे ने पूछा, कौन सी सब्जी। पुलिसकर्मी ने प्याज का भाव पूछा तो उसने 30 रुपए किलो बताया। पुलिसकर्मी ने डेढ़ किलो प्याज मांगे और कहा, ये रेहड़ी पर यहां रखे नहीं, ताजा प्याज चाहिए। उसने मुलाजिम समझकर ताजा प्याज लाकर तोलने शुरू कर दिए। तभी पुलिसकर्मी ककड़ी उठाकर खाने लगा। बेटे ने पुलिसकर्मी को टोका, ये ककड़ी उनके खेत की नहीं है, वो स्वयं मंडी से 32 रुपए किलो लेकर आए हैं। आप ऐसे उठाकर मत खाओ। जब पुलिसकर्मी ककड़ी खा गया तो उसके 20 रुपए बेटे ने मांग लिए। पुलिसकर्मी कहने लगा कि तुमने क्या तोली है और बिना तोले पैसे मांग रहा है। इस पर पुलिसकर्मी व उसके बेटे में बहस छिड़ गई और पुलिसकर्मी ने उसके बेटे को थप्पड़ जड़ दिए। ये देखकर वह खेत से मौके पर पहुंचा, तब दो से तीन ग्राहक भी खड़े थे। उन सभी ने बताया, पुलिसकर्मी ने थप्पड़ मारा है। इसी पर उसे भी गुस्सा आ गया। अगर ककड़ी खाई है तो पैसे दे दे, परंतु उसे थप्पड़ मारने की क्या जरूरत थी। वह नहीं माना और बहस करने लगा। जब बाद में पुलिसकर्मी 100 रुपए देने लगा तो उसने मना कर दिए।


