सिद्धार्थनगर में संग्रह अमीन से मारपीट मामले प्रदर्शन:राजस्व कर्मियों ने धरना देकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की

सिद्धार्थनगर में संग्रह अमीन से मारपीट मामले प्रदर्शन:राजस्व कर्मियों ने धरना देकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की

सिद्धार्थनगर के नौगढ़ तहसील क्षेत्र में सरकारी बकाया वसूली के दौरान संग्रह अमीन से मारपीट का मामला अब तूल पकड़ गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज उत्तर प्रदेश राजस्व संग्रह अमीन संघ ने सोमवार को धरना-प्रदर्शन किया। यह घटना तब हुई जब संग्रह अमीन सरकारी बकाया वसूली के लिए गए थे। वायरल वीडियो में ‘योगी-मोदी जिंदाबाद’ के नारे लगाते हुए संग्रह अमीन के साथ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने की बात सामने आई है। 9 फरवरी सोमवार को उत्तर प्रदेश राजस्व संग्रह अमीन संघ के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में सिद्धार्थनगर कलेक्ट्रेट परिसर में यह धरना-प्रदर्शन किया गया। इसमें जनपद की विभिन्न तहसीलों से आए दर्जनों संग्रह अमीन शामिल हुए और प्रशासन के प्रति अपना रोष व्यक्त किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों पर त्वरित और सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। संग्रह अमीन संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि संग्रह अमीन शासन के निर्देश पर बैंकों के बकाया की वसूली और कुर्की जैसी वैधानिक कार्रवाई करते हैं। ऐसी घटनाएं न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल उठाती हैं, बल्कि कर्मचारियों की जान-माल की सुरक्षा को भी खतरे में डालती हैं। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि वीडियो में स्पष्ट मारपीट के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वक्ताओं ने यह भी कहा कि यदि सरकारी कर्मचारी सुरक्षित नहीं होंगे, तो राजस्व वसूली जैसे संवेदनशील कार्य प्रभावित होंगे। संघ ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी सरकारी कर्मचारियों के साथ ऐसी हरकत करने का साहस न कर सके। इस पूरे मामले पर मोहाना थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है और वायरल वीडियो तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि आरोपियों को बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *