शिवपुरी शहर में मंगलवार रात एक डीजे वाहन सड़क किनारे खड़ा होने के बाद अचानक पास के नाले में गिर गया। इस घटना में वाहन का करीब 30 प्रतिशत हिस्सा गंदे पानी में डूब गया, जिससे डीजे के महंगे उपकरण और वाहन को नुकसान पहुंचा है। डीजे संचालक ने लगभग एक लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई है। घटना पोहरी चौराहा स्थित कृष्णा पैलेस के पास की है। यहां श्री श्याम डीजे का वाहन एक बारात में डीजे बजाने के लिए आया हुआ था। बारात चढ़ाने के बाद डीजे की ट्रॉली और उसे खींचने वाला लोडिंग वाहन सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया था। कुछ देर बाद वाहन अचानक सड़क से उतरकर पास के नाले में जा गिरा। वाहन अचानक आगे बढ़ा और नाली में गिर गया
डीजे संचालक पंकज कुशवाह ने बताया कि बारात खत्म होने के बाद ड्राइवर ने लोडिंग वाहन को गियर में लगाकर सड़क किनारे खड़ा कर दिया था। इस दौरान डीजे टीम के सदस्य करीब 200 मीटर दूर डेकोरेटिव अम्ब्रेला और अन्य सामान इकट्ठा करने चले गए थे। उसी समय अचानक वाहन आगे बढ़ा और नाले में जा गिरा। पंकज कुशवाह ने आशंका जताई है कि वाहन को गियर में खड़ा करने के बावजूद किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे धक्का दे दिया होगा, जिसके कारण वह नाले में गिर गया। इस घटना में लोडिंग वाहन का इंजन, डीजे की महंगी मशीनें और लाइटिंग उपकरण पानी में भीगने से खराब हो गए हैं। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और काफी देर तक वहां भीड़ लगी रही। स्थानीय लोगों के बीच यह घटना चर्चा का विषय बनी रही।


