शिवपुरी जिले के बामौरकला थाना क्षेत्र के चौकाखेड़ा गांव में रास्ते में रोककर एक व्यक्ति और उसके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर उचित कार्रवाई की मांग की है। यह घटना रविवार रात को हुई थी। पीड़ित रामराज सिंह यादव ने बताया कि वह रात करीब 8:30 बजे बामौरकला से अपने गांव लौट रहे थे। गांव में कल्याण यादव के घर के सामने पहुंचते ही, वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर डंडों से उन पर हमला कर दिया। रामराज के शोर मचाने पर उन्हें बचाने के लिए उनके चचेरे भाई अनिल यादव, अनुज यादव और चाची गीता बाई मौके पर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने इन तीनों के साथ भी बेरहमी से मारपीट की, जिससे सभी को चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल गीता बाई को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बामौरकला पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप
पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना के बाद जब वे बामौरकला थाने पहुंचे, तो उनकी रिपोर्ट उचित धाराओं में दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने शिवपुरी पहुंचकर पुलिस अधीक्षक से शिकायत की और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा एफआईआर दर्ज करने की मांग की। बामौरकला थाना प्रभारी संजय लोधी के अनुसार, मामले में तीन आरोपी कल्याण यादव, जितेंद्र यादव और राजू यादव के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।


