श्योपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात चोरी के इरादे से घर में घुसे बदमाशों ने एक ही परिवार के पांच सदस्यों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस को कलारना बस्ती वार्ड क्रमांक 11 निवासी बाबूलाल बैरवा (56) ने घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 25 मार्च की रात करीब 12:03 बजे ग्राम पीपल्दी, थाना देहात निवासी आरोपी समीर अपने दो अन्य साथियों के साथ उनके घर में घुस गया। परिवार के सदस्यों के जागने पर बदमाशों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में ममता की गर्दन, माथे और हाथ में गंभीर चोटें आईं। अर्चना के हाथ, उंगली, कलाई और गर्दन के पीछे गहरे घाव हुए। बाबूलाल की पत्नी कान्ति, बाबूलाल और उनके पुत्र लोकेन्द्र को भी चोटें लगी हैं। सभी घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जयपुर रेफर किया गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच निरीक्षक सत्यम सिंह गुर्जर को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और उनकी जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।


