शाहजहांपुर में जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने अधिकारियों को दो दिवसीय प्रशिक्षण दिया। यह प्रशिक्षण एक होटल में देर शाम तक चला, जिसमें जनगणना प्रक्रिया को सुचारु और सफल बनाने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा जनगणना चार्ज अधिकारियों को यह प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान एडीएम ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि लंबे समय बाद जनगणना की प्रक्रिया शुरू हो रही है, जिसे सफलतापूर्वक संपन्न कराना है। उन्होंने सभी से गहनता से प्रशिक्षण प्राप्त करने की अपील की। जिलाधिकारी ने बताया कि शाहजहांपुर शहर में जनगणना कार्य के लिए लगभग 1000 कार्मिकों की आवश्यकता होगी। इसके लिए 104 फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण की व्यवस्था की जा रही है। प्रशिक्षण के बाद एक परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें सफल अभ्यर्थियों को ही कार्य में लगाया जाएगा। उन्होंने जनगणना बिंदुओं पर कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। जनगणना में सेल्फ एन्यूमरेटर व्यवस्था को लागू करने के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को स्वयं ऑनलाइन फॉर्म भरने के लिए प्रेरित करना है। प्रशिक्षण में जनगणना के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” से संबंधित दिशा-निर्देशों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस चरण के तहत क्षेत्र के सभी भवनों, चाहे वे आवासीय हों या गैर-आवासीय, का व्यवस्थित विवरण संकलित किया जाएगा। अधिकारियों को जनगणना कार्य की प्रक्रिया, निर्धारित प्रपत्रों के सही संकलन, डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग और समयबद्ध क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। त्रुटिरहित कार्य सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक सूचियाँ उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। बीएसए, डीसी और डीपीआरओ सहित सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। प्रशिक्षण में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को पूर्ण जिम्मेदारी, गंभीरता और सजगता के साथ संपन्न कराने के लिए निर्देशित किया गया।


