मध्यप्रदेश के शहडोल में शनिवार रात लगभग 10 बजे सड़क हादसे में एक सरकारी टीचर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना ब्यौहारी थाना क्षेत्र का है। मानपुर रोड स्थित ग्राम कोठिया में रेत से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रहे टीचर को कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सड़क पार करते समय रेत लदे ट्रक ने कुचला मृतक की पहचान रामनगर निवासी अजय सिंह (52) के रूप में हुई है। वे ब्यौहारी विकासखंड के माध्यमिक विद्यालय बसही में पदस्थ थे। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल से छुट्टी के बाद शिक्षक अजय सिंह किसी निजी कार्य से ग्राम कोठिया गए थे। मानपुर मार्ग पर सड़क पार करते समय मानपुर से ब्यौहारी की ओर जा रहे रेत लदे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया। ब्यौहारी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर खड़े ट्रक को जब्त कर थाने में खड़ा कराया है। पुलिस ने बताया, ट्रक जब्त, चालक की तलाश जारी ट्रक में रेत भरी हुई थी, जिसकी वैधता की जांच की जा रही है। इस संबंध में थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी और ट्रक जब्त कर लिया गया है। फरार चालक की तलाश जारी है और मामले में मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी गई है।


