सिवनी जिले के किंदरई थाना क्षेत्र के ग्राम मानेगांव में एक मजदूर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और मर्ग कायम कर मामले की पड़ताल कर रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मोहगांव निवासी 55 वर्षीय नंदू परते, पिता स्वर्गीय रूपलाल परते के रूप में हुई है। वो मजदूरी करता था। रविवार, 15 मार्च की सुबह कुछ ग्रामीण टहलने निकले थे। उन्होंने गांव के पास स्थित एक आम के पेड़ की डाली पर साड़ी के फंदे से लटका एक शव देखा। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना अन्य लोगों को दी। सूचना मिलने पर किंदरई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। पंचनामा तैयार करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिजन से हो रही पूछताछ किंदरई थाना प्रभारी गजेंद्र राजपूत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। हालांकि, आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।


