सतना में एमआर के सूने घर में चोरी:बदमाश 8 लाख के जेवरात और 35 हजार नगद ले उड़े, परिवार गांव गया था

सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र की नई बस्ती में एक एमआर के सूने घर में चोरी हो गई। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने घर का ताला तोड़कर लगभग 8 लाख रुपये के जेवरात और 35 हजार रुपये नगद चुरा लिए। बदमाशों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ने के बाद घर में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने अंदर के कमरों के ताले भी तोड़े और अलमारी, तिजोरी, पेटी तथा सूटकेस में रखे कीमती सामान को खंगाल लिया। जानकारी के अनुसार, गणेश सिंह एक दवा कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) हैं। उनके छोटे भाई की शादी होने वाली है, जिसकी तैयारियों के सिलसिले में गणेश अपनी पत्नी शिवांगी के साथ बारी गांव गए हुए थे। इसी दौरान बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। घर वापस आने पर लगी जानकारी
शनिवार सुबह जब गणेश सिंह घर लौटे, तो बाहर के दरवाजे का ताला टूटा देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। अंदर जाकर उन्होंने देखा कि कमरे खुले हुए थे और अलमारी व पेटी का सारा सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और घर के सदस्यों के बयान दर्ज किए। पीड़ित परिवार के अनुसार, लगभग साढ़े सात लाख रुपये के जेवर और 35 हजार रुपये नगद चोरी हुए हैं। पुलिस अज्ञात बदमाशों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। बदमाशों ने तालों को तोड़ने के लिए गैती का इस्तेमाल किया था, जिसे वे मौके पर ही छोड़कर भाग गए। पुलिस ने गैती को जब्त कर लिया है और फोरेंसिक टीम द्वारा उस पर फिंगरप्रिंट की जांच कराई जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *