सतना में पुलिस पर पत्थर फेंके, बचने भागते दिखे कर्मी:नशे में खड़े लोगों ने बहस और अभद्रता की, 12 लोगों ने घेरा

सतना में पुलिस पर पत्थर फेंके, बचने भागते दिखे कर्मी:नशे में खड़े लोगों ने बहस और अभद्रता की, 12 लोगों ने घेरा

सतना शहर के कोलगवां थाना क्षेत्र के हनुमान नगर नई बस्ती (वार्ड क्रमांक-15) में बीती रात पुलिस टीम पर हुए पथराव से हड़कंप मच गया। पानी टंकी के पीछे स्थित इलाके में नशे में धुत असामाजिक तत्वों ने पुलिस पार्टी को घेरकर पत्थरबाजी कर दी, जिससे पुलिसकर्मियों को जान बचाकर पीछे हटना पड़ा। घटना गुरुवार-शुक्रवार रात की है। आज इसका वीडियो सामने आया है। कोलगवां थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि वार्ड नंबर-15 में पानी टंकी के पास कुछ युवक शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहे हैं। सूचना पर पहले बाइक से दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जब युवकों को समझाने की कोशिश की तो उन्होंने अभद्रता शुरू कर दी। अतिरिक्त बल बुलाया, बस्ती में भागे आरोपी
स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाया। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी युवक बस्ती की ओर भागने लगे। जब पुलिस टीम पीछा करते हुए नई बस्ती के भीतर पहुंची, तो वहां पहले से मौजूद करीब एक दर्जन नशेड़ियों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया। पुलिस पार्टी पर अचानक पथराव
आरोप है कि नशे में धुत युवकों ने पुलिस से गाली-गलौज करते हुए अचानक पत्थरबाजी शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से मौके पर मौजूद करीब पांच पुलिसकर्मियों को जान बचाने के लिए पीछे हटना पड़ा। पथराव इतना तेज था कि कुछ देर के लिए पुलिस को इलाके से हटना पड़ा। कोई गंभीर घायल नहीं, बढ़ी सुरक्षा चिंता
हालांकि इस घटना में किसी पुलिसकर्मी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। लेकिन पुलिस टीम पर खुलेआम हुए इस हमले ने कानून-व्यवस्था और अपराधियों के बढ़ते हौसलों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में भी घटना के बाद दहशत का माहौल है। कोलगवां टीआई सुदीप सोनी ने बताया कि सूचना मिली थी कि पानी की टंकी के पास असामाजिक तत्व शराब पी कर हंगामा कर रहे है। जिस पर एएसआई उमेश पांडेय के नेतृत्व में 4 आरक्षक मौके पर गए थे। मामला शांत कराने के दौरान लोगों ने पुलिस से बदसलूकी करते हुए गाली गलौच करने लगे। कुछ लोगों ने पथराव भी किया। इस मामले में आसपास लगे सीसीटीवी और वायरल वीडियो के जरिए आरोपियों की पहचान की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *