सतना सिटी कोतवाली पुलिस ने सोशल मीडिया पर कट्टा लेकर रील बनाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान साजन चौधरी (19) के रूप में हुई है, जिसे शनिवार को बजरहा टोला से पकड़ा गया। टीआई रावेन्द्र द्विवेदी ने बताया कि कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था। इसमें युवक हाथ में कट्टा लेकर फिल्मी गाने पर झूमता दिख रहा था। वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान झूलेलाल मंदिर के पास बजरहा टोला निवासी साजन पुत्र बनबारीलाल चौधरी (19) के तौर पर हुई। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। शनिवार को सूचना मिली कि साजन कट्टा लेकर मोहल्ले में लोगों को डरा-धमका रहा है। इसके बाद बजरहा टोला में दबिश देकर घेराबंदी की गई और आरोपी को पकड़ लिया गया। उसके कब्जे से 12 बोर का कट्टा बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।


