संभल में होली की रात शराब के नशे में लड़ रहे पिता-पुत्रों का विरोध करने पर बड़े भाई की ईंट से कूचकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह घटना संभल जनपद की गुन्नौर तहसील के जुनावई थाना क्षेत्र के सिकरौरा खादर गांव में हुई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय धर्मपाल यादव पुत्र छोटेलाल के रूप में हुई है। घटना मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात करीब 12 से 1 बजे के बीच हुई। धर्मपाल का छोटा भाई रामचरन अपने बेटों सुनील, देवेंद्र और प्रमोद के साथ शराब पीकर झगड़ रहा था। जब शोर बढ़ने लगा, तो धर्मपाल ने घर से बाहर आकर अपने छोटे भाई और भतीजों को शराब पीकर झगड़ा बंद करने को कहा। इसी बात पर पिता-पुत्रों ने धर्मपाल पर ईंट से हमला कर दिया और उसकी हत्या कर दी। आरोपियों ने धर्मपाल को पीटते हुए घर के अंदर खींच लिया। जब धर्मपाल का बेटा संजय बचाने पहुंचा, तो उसका गला दबाने का प्रयास किया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पुत्रवधू सोमवती ने बताया कि उनके ससुर के छोटे भाई रामचरन और चचेरे भतीजे शराब पीकर घर में लड़ रहे थे। जब ससुर ने उन्हें झगड़ा बंद करने को कहा, तो उन्होंने ईंट मारकर उनकी हत्या कर दी। बेटे संजय ने भी पुष्टि की कि उनके चाचा ने पिता की हत्या की और उन्हें घर के अंदर खींचकर ले गए थे। उसने छत से पत्थरबाजी की बात भी कही। धर्मपाल के चार बच्चे हैं, संजय, राजू, आशा और कमलेश, जिनकी शादी हो चुकी है। होली के त्योहार पर हुई इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है। थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी कोई शिकायत नहीं मिली है पूरे मामले की जांच करते हुए अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। घटना से जुड़ी तस्वीरें देखिए… खबर अपडेट की जा रही है….


