सहारनपुर में एक महिला को फोन पर तीन तलाक देने का मामला सामने आया। पीड़ित ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर तीन तलाक देने, छत से धक्का देकर जान से मारने की कोशिश करने और राजनीतिक रसूख का डर दिखाकर धमकाने के आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने महिला थाना में मुकदमा दर्ज कराया है। थाना कुतुबशेर की एकता कॉलोनी सानिया पुत्री शमशाद ने महिला थाने में तहरीर देकर अपने पति और ससुराल पक्ष पर तीन तलाक देने का मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित ने बताया कि सानिया ने 29 मई 2021 को नफीस पुत्र इदरीश निवासी मोहल्ला मीरदान, सरसावा से कोर्ट मैरिज यानी प्रेम विवाह किया था। दोनों करीब एक वर्ष तक साथ रहे। 2022 में नफीस सऊदी अरब चला गया। इस दौरान सानिया ससुराल में ही रह रही थी। आरोप है कि सऊदी में रहते हुए नफीस ने फोन पर “तलाक-तलाक-तलाक” कहकर उसे पत्नी मानने से इंकार कर दिया और घर छोड़ने को कहा। सानिया का कहना है कि इसके बावजूद वह ससुराल में ही रही। प्रार्थना पत्र में सानिया ने आरोप लगाया है कि सास शहाना पत्नी इदरीश और देवर नदीम पुत्र इदरीश ने उसे जान से मारने की नीयत से जबरन छत पर ले जाकर धक्का दे दिया। गिरने से उसका हाथ टूट गया और पैर की जांघ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ। सूचना मिलने पर मायके पक्ष मौके पर पहुंचा और उसे इलाज के लिए ले गया। सानिया ने बताया कि उसके और नफीस के नुत्फे से एक बेटा मौ.फैज है, जो उसके पास रह रहा है। आरोप है कि 30 अक्टूबर को नफीस सऊदी से घर लौटा। सानिया जब ससुराल पहुंची तो पति, सास, देवर समेत अन्य परिजनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और उसे व उसके बेटे को धक्का देकर घर से निकाल दिया। नफीस ने कहा कि मैंने तुम्हें मुस्लिम रीति से तलाक दे दिया है, अब तुम मेरी पत्नी नहीं हो। दोबारा घर आई तो अंजाम बुरा होगा। सानिया का आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने राजनीतिक पहुंच और पुलिस प्रशासन से साठगांठ होने की बात कहकर उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने ससुराल पक्ष के नफीस पुत्र इदरीश, शहाना पत्नी इदरीश (सास), नदीम पुत्र इदरीश (देवर) पर मुकदमा कराया है।


