UP Crime सहारनपुर के कस्बा बेहट क्षेत्र के गांव चांडी में मेढ़ को लेकर हुए विवाद के बाद एक किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गए। परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से आई तहरीर के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
मेढ़ पर चूल्हा रखने को लेकर हुए विवाद
बेहट कोतवाली क्षेत्र के गांव चांडी के रहने वाले 55 वर्षीय किसान इस्लाम के बेटे प्रवेज ने गांव के ही पांच लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। तहीरर में प्रवेज ने बताया कि उसका भाई तबरेज और पिता दोनों खेत पर काम कर रहे थे। कुछ देर बाद उन्होंने खेत की मेढ़ पर चूल्हा रखकर खाने के लिए कुछ बनाना शुरू कर दिया। इसी दौरान गांव के ही पांच-छह लोग वहां पहुंचे और मेढ़ पर चूल्हा रखने को लेकर बहसने लगे। इसी को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने इस्लाम और उसके बेटे तरबेज की पिटाई शुरू कर दी। हमलावरों ने इस्लाम को इतनी बुरी तरह पीटा कि उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद से हमलावर फरार ( UP Crime )
घटना की जानकारी होने पर अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में इस्लाम को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने इस्लाम को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद आरोपी हमलावर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने इस्लाम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इस्लाम के छोटे बेटे प्रवेज ने कोतवाली बेहट पहुंचकर गांव के ही पांच आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से गांव में पुलिस तैनात है। किसान की मौत के बाद से उसके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। इस्लाम के चार बेटे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। जल्द आरोपियों के गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


