RO/ARO परीक्षा में अमेठी के दो युवा टॉप-10 में:शिवांशु शर्मा ने 6वीं तो शिवम शुक्ला ने 10वीं रैंक हासिल की

RO/ARO परीक्षा में अमेठी के दो युवा टॉप-10 में:शिवांशु शर्मा ने 6वीं तो शिवम शुक्ला ने 10वीं रैंक हासिल की

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा घोषित RO/ARO परीक्षा 2023 के परिणाम में अमेठी जनपद के भेटुआ विकासखंड क्षेत्र के दो युवाओं ने शानदार प्रदर्शन किया है। इन दोनों ने प्रदेश के टॉप-10 में जगह बनाकर समीक्षा अधिकारी का पद हासिल किया है। भेटुआ ब्लॉक की ग्राम पंचायत शिवगढ़ जलालपुर के संड़िला गांव निवासी शिवांशु शर्मा ने पूरे प्रदेश में छठी रैंक प्राप्त की है। उनके पिता राम सजीवन शर्मा आवास विकास के रिटायर्ड ड्राइंग इंजीनियर हैं, जबकि माता सावित्री शर्मा गृहणी हैं। शिवांशु ने वर्ष 2020 से परीक्षा की तैयारी शुरू की थी। उन्होंने लखनऊ स्थित अपने घर पर रहकर ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई की। इससे पहले, उनका चयन भारतीय स्टेट बैंक में क्लर्क और रेलवे में स्टेशन मास्टर के पद पर भी हो चुका है। उनका लक्ष्य आगे चलकर आईपीएस अधिकारी बनना है। शिवांशु ने अपनी सफलता का श्रेय ईश्वर की कृपा, माता-पिता के आशीर्वाद और परिवार के सहयोग को दिया। उनकी इस उपलब्धि से संड़िला गांव में खुशी का माहौल है। दादा बजरंग बहादुर शर्मा सहित ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसी क्रम में, पड़ोसी ग्राम पंचायत टिकरी के श्री का पुरवा गांव निवासी शिवम शुक्ला ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दसवीं रैंक हासिल की है। उनके पिता विनोद शुक्ला रणछोर इंटर कॉलेज के प्रबंधक हैं और माता वृजलेश शुक्ला गृहणी हैं। शिवम ने इलाहाबाद में रहकर कोचिंग के माध्यम से तैयारी की और यह सफलता प्राप्त की। उनकी इस उपलब्धि से गांव में उत्सव जैसा माहौल है। विकास शुक्ला, धीरेंद्र शुक्ला, प्रमोद शुक्ला और अंकित तिवारी सहित कई लोगों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *