रीवा जिले के पनवार थाना अंतर्गत शिवपुर क्षेत्र में कबाड़ी व्यापारी और उनके भाई पर हुए जानलेवा हमले का वीडियो रविवार को सामने आया है। वीडियो में 5 हमलावर एक व्यक्ति को जमीन पर लिटाकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं। हमले में घायल व्यापारी अतीक और उनके भाई अहमद की हालत बेहद नाजुक है। प्रयागराज में हालत बिगड़ने पर दोनों को लखनऊ रेफर किया गया है, जहां वे जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। शिवपुर सरपंच के अनुसार, इस खूनी संघर्ष की वजह मेले के दौरान रास्ता न मिलना था। बताया गया कि बुलेट बाइक से निकल रहे युवकों और दुकान हटा रहे व्यापारी के बीच रास्ता साफ न होने को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद दोनों पक्षों में कई बार विवाद की स्थिति बनी, जो बाद में इस हिंसक हमले में बदल गई। वीडियो में दिखी दरिंदगी, क्षेत्र में दहशत शनिवार रात की घटना का रविवार को वायरल हुए वीडियो ने इलाके में सनसनी फैला दी है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि आरोपी एक व्यक्ति को जमीन पर गिराकर लगातार डंडों से पीट रहे हैं। हमलावर दोनों भाइयों को मरणासन्न हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद शिवपुर और आसपास के इलाकों में तनाव और पैनिक जैसी स्थिति बनी हुई है। चंपागढ़ के 5 युवकों पर आरोप पीड़ित पक्ष ने ग्राम चंपागढ़ (थाना पनवार) निवासी 5 लोगों पर नामजद आरोप लगाए हैं। इनमें शिवम सिंह ठाकुर, अजीत सिंह ठाकुर, सौरभ सिंह ठाकुर, सत्यम सिंह ठाकुर और शक्ति सिंह ठाकुर शामिल हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई धीमी है और आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से वे डरे हुए हैं। डॉक्टर बोले- बचना मुश्किल है हमले में घायल दोनों भाइयों को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों के मुताबिक, उनकी हालत इतनी नाजुक है कि उनका बचना बहुत मुश्किल बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।


