झारखंड में अब ठंड ने पूरी तरह दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी हिस्से से ठंडी हवाएं राज्य में प्रवेश कर चुकी हैं, जिसके असर से तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। राजधानी रांची में पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 2.5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान में 2.1 डिग्री की कमी आयी है। मंगलवार को रांची का अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री और न्यूनतम 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में आई इस गिरावट के कारण सुबह और शाम के समय लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है। मौसम केंद्र रांची का कहना है कि आने वाले दो से तीन दिनों में तापमान में और 3 से 4 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। मेदिनीनगर और जमशेदपुर में भी तापमान में गिरावट राज्य के अन्य हिस्सों में भी ठंड का असर बढ़ने लगा है। मेदिनीनगर में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 5.8 डिग्री कम है। वहीं अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री रहा। जमशेदपुर में भी पिछले 24 घंटे में तापमान में गिरावट देखी गयी। यहां अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री और न्यूनतम 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अब सुबह में कोहरा और धुंध छाने की संभावना है, जिससे दृश्यता पर भी असर पड़ सकता है। रांची में नवंबर के दूसरे सप्ताह में पड़ी सर्दी ने चौंकाया राजधानी रांची में नवंबर के पहले हफ्ते में जहां लोग बिना स्वेटर के घूमते नजर आ रहे थे, वहीं दूसरे सप्ताह में मौसम ने करवट ले ली है। केवल दो-चार दिनों में न्यूनतम तापमान में 5 से 6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गयी है। अचानक आई ठंड ने लोगों को चौंका दिया है। कई लोग सर्दी-जुकाम और बुखार जैसी हल्की बीमारियों की शिकायत करने लगे हैं। सुबह की सैर पर जाने वालों ने अब गर्म कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं। गुमला सबसे ठंडा, कई जिलों में पारा 9 डिग्री से नीचे गुमला इन दिनों झारखंड का सबसे ठंडा जिला बन गया है। यहां का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। शाम के बाद सड़कों पर सन्नाटा छाने लगा है और लोग अलाव के सहारे गर्मी तलाश रहे हैं। वहीं कोडरमा, रामगढ़ और गढ़वा में भी न्यूनतम तापमान 9 डिग्री के करीब पहुंच गया है। राज्य के प्रमुख शहरों में रांची का AQI 156, जमशेदपुर का 154, धनबाद का 156 और बोकारो का 120 रिकॉर्ड किया गया है।


