रायबरेली में मंगलवार सुबह दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। महाराजगंज कोतवाली क्षेत्र के थुलवासा गांव के पास तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी मां-बेटी को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक मां की पहचान विटान मौर्या (35) और बेटी अनुष्का मौर्या (15) के रूप में हुई है। दोनों जोड़ा का पुरवा, थुलवासा गांव की रहने वाली थीं। मंगलवार सुबह मां अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने के लिए घर से निकली थीं और सड़क किनारे खड़े होकर टेंपो का इंतजार कर रही थीं। तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर इसी दौरान महाराजगंज की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और मां-बेटी को कुचलते हुए निकल गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अस्पताल में किया गया मृत घोषित घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को बुलाया और दोनों को सीएचसी महाराजगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार में मचा कोहराम हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतका के पति रामराज प्राइवेट नौकरी करते हैं। एक साथ पत्नी और बेटी की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। पुलिस ने शुरू की जांच सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी महाराजगंज प्रदीप कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार ट्रक और उसके चालक का पता लगाया जा सके।


