पीलीभीत में नशेड़ी पति ने पत्नी की नाक काटी:झगड़े के बाद दांतों से काटा, अगला हिस्सा कटकर अलग हुआ; लखनऊ रेफर

पीलीभीत जिले के दियोरिया थाना क्षेत्र में घरेलू हिंसा का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शराब के नशे में धुत एक पति ने विवाद के बाद अपनी पत्नी की नाक दांतों से काटकर अलग कर दी। गंभीर रूप से घायल महिला को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। यह घटना दियोरिया थाना क्षेत्र के ग्राम महेशापुर में बुधवार देर रात हुई। 30 साल की पूजा देवी का अपने पति अमन कुमार से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि अमन कुमार उस समय शराब के नशे में था। विवाद इतना बढ़ गया कि अमन ने पूजा के चेहरे पर हमला कर दिया और उसकी नाक को दांतों से जोर से काट लिया। नाक का अगला हिस्सा कटकर अलग हुआ
हमला इतना तगड़ा था कि पूजा की नाक का मांस का एक हिस्सा शरीर से कटकर अलग हो गया। पूजा की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक वह लहूलुहान होकर तड़प रही थी। पत्नी की गंभीर हालत देखकर और पकड़े जाने के डर से आरोपी पति अमन कुमार घटनास्थल से फरार हो गया। परिजन तुरंत पूजा को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां मौजूद चिकित्सकों ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल प्राथमिक उपचार दिया। नाक का हिस्सा अलग हो जाने के कारण संक्रमण और जटिलता का खतरा बढ़ गया था। ईएनटी विशेषज्ञों ने प्राथमिक जांच के बाद महिला की हालत गंभीर बताई और उसे प्लास्टिक सर्जरी व बेहतर उपचार के लिए लखनऊ के हायर सेंटर रेफर कर दिया। पति की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई। दियोरिया थाना अध्यक्ष गौतम सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी पति की तलाश में दबिश दी जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि तहरीर मिलने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *