पीलीभीत में ट्रक ने साइकिल सवार को रौंदा, मौत:कार को मारी टक्कर, दो लोग घायल; ड्राइवर हिरासत में

पीलीभीत में ट्रक ने साइकिल सवार को रौंदा, मौत:कार को मारी टक्कर, दो लोग घायल; ड्राइवर हिरासत में

पीलीभीत में रविवार रात करीब 9 बजे नशे में धुत एक ट्रक चालक ने अनियंत्रित होकर एक साइकिल सवार को रौंद दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में एक कार में सवार दो युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। मामला थाना सुनगढ़ी क्षेत्र स्थित छतरी चौराहे का है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब छतरी चौराहे पर यातायात सामान्य था, तभी तेज रफ्तार ट्रक स्टेशन की तरफ से चौराहे पर आया। घटना के दौरान ट्रक चालक नशे की हालत में था और उसने पहले साइकिल सवार युवक को अपनी चपेट में लिया। युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसके बाद भी ट्रक नहीं रुका और उसने एक कार को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार संजीव और अभिषेक नामक दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। हादसे के बाद सड़क पर मृतक का शव और खून फैल गया। सूचना मिलने पर थाना अध्यक्ष नरेश त्यागी और क्षेत्राधिकारी दीपक चतुर्वेदी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल रेत मंगवाकर सड़क पर फैले खून को ढका ताकि स्थिति सामान्य बनी रहे। हादसे के बाद ट्रक चालक ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान चौराहे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित कर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। थाना अध्यक्ष नरेश त्यागी ने बताया कि रविवार रात करीब 9:00 बजे नशे में धुत ट्रक चालक ने साइकिल सवार को रौंदने के बाद एक कार को टक्कर मारी है। हादसे में एक की मौत हुई है और दो लोग घायल हैं। क्षतिग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *