रामगढ़ के पतरातू में हिट एंड रन का शक:ड्यूटी खत्म कर लौट रहा था युवक, सड़क पर बाइक समेत पड़ा मिला, हुई मौत

रामगढ़ के पतरातू में हिट एंड रन का शक:ड्यूटी खत्म कर लौट रहा था युवक, सड़क पर बाइक समेत पड़ा मिला, हुई मौत

रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र में बीती रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 27 वर्षीय रौनक कुमार शाह के रूप में हुई है। रौनक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का निवासी था। वर्तमान में पतरातू में रहकर काम कर रहा था। जानकारी के अनुसार, रौनक निर्माणाधीन पीवीयूएनएल परियोजना में कार्यरत एजेंसी लॉयल टैंक सीएचपी ऑपरेशन मैनपावर में काम करता था। वह देर रात अपनी ड्यूटी समाप्त कर बाइक संख्या JH 13H 5382 से वापस लौट रहा था। इसी दौरान जब उसके सहकर्मी भी ड्यूटी खत्म कर लौट रहे थे, तो उन्होंने मेन रोड पर रौनक को बाइक के साथ घायल अवस्था में पड़ा हुआ देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पतरातू थाना पुलिस को दी। अस्पताल में डॉक्टर ने किया मृत घोषित सूचना मिलने के बाद पतरातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल रौनक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतरातू ले जाया गया। वहां मौजूद चिकित्सक अरविंद कुमार ने जांच के बाद रौनक को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के अनुसार, युवक को गंभीर अंदरूनी चोटें आई थीं, जिसके कारण उसकी जान नहीं बच सकी। रौनक की मौत की खबर मिलते ही उसके सहकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई। अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों का कहना था कि दुर्घटना काफी तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से हुई प्रतीत होती है। रौनक के शरीर पर चोट के निशान और बाइक की हालत से भी हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा रहा है। पुलिस को हिट एंड रन का शक पुलिस इस पूरे मामले को हिट एंड रन की घटना मान रही है। अस्पताल पहुंचे सहकर्मियों ने भी आशंका जताई है कि किसी अज्ञात वाहन ने रौनक की बाइक को जोरदार टक्कर मारी होगी और चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान की जा सके। वहीं, पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। घटना के बाद से मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *