फेज-तीन थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती को विशेष समुदाय के युवक ने धर्म छिपाकर प्रेमजाल में फंसा लिया। शादी का झांसा देकर आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। उसे वायरल करने की धमकी देकर रेप किया और पीड़िता से लाखों रुपये ऐंठ लिए। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मंगलवार शाम हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने थाने पर हंगामा किया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह मूलरूप से मध्य प्रदेश की रहने वाली हैं। वह पिछले कई सालों से फेज-तीन थाना क्षेत्र में रहकर एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती हैं। करीब दो साल पहले सोशल मीडिया के जरिये उनकी मुलाकात एक युवक से हुई। विशेष समुदाय के युवक ने उन्हें बताया कि वह मूलरूप से मध्य प्रदेश के जिला मंदसौर का रहने वाला है। आरोपी ने खुद को पीड़िता के धर्म का ही बताया। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती हो गई। लिवइन में बनाया वीडियो
युवक ने उसे शादी का झांसा दिया। दोनों लिवइन में रहने लगे। इसी दौरान आरोपी ने उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कई बार में लाखों रुपये ऐंठ लिए। आरोप है कि कुछ दिन पहले ही उन्हें पता चला कि आरोपी विशेष समुदाय का है। उसने धर्म छिपाकर प्रेमजाल में फंसाया और धोखा दिया। पीड़िता को जब आरोपी की असलियत पता चली तो उसने पुलिस से शिकायत करने की धमकी दी। बजरंग दल ने किया प्रदर्शन
आरोपी नोएडा छोड़कर भाग गया। पीड़िता का कहना है कि वह करीब एक माह से लगातार पुलिस से गुहार लगा रही थी। इसी बीच महिला हिंदू संगठन के संपर्क में आ गई। मंगलवार शाम बजरंगदल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में फेज-तीन थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस पर कार्रवाई न करने और महिला उपनिरीक्षक पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने जमकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने दिया आश्वासन होगी जांच
सूचना पर एसीपी उमेश कुमार भी पहुंच गए। उन्होंने किसी तरह लोगों को शांत कराया और पीड़िता को जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। बजरंग दल के प्रेम भारद्वाज का कहना है कि पीड़िता पिछले एक माह से थाने के चक्कर लगा रही थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। अब जाकर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, सेंट्रल नोएडा जोन के एडीसीपी आरके गौतम का कहना है कि पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। महिला उपनिरीक्षक पर लगाए आरोपों की भी जांच की जाएगी।


