मोगा में घर में घुसकर मां-पिता और बेटे की पिटाई:पुरानी रंजिश में दिया वारदात को अंजाम, पांच के खिलाफ FIR दर्ज

मोगा जिले के थाना सिटी साउथ क्षेत्र के गांव पत्ती सरकार चडिक में घर में घुसकर मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित महकप्रीत सिंह की शिकायत पर पांच आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना में महकप्रीत सिंह और उनके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हुए हैं। गांव निवासी महकप्रीत सिंह ने पुलिस को बताया कि 26 मार्च 2026 की दोपहर करीब 1:50 बजे कुछ लोग जबरन उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने महकप्रीत सिंह के साथ-साथ उनके माता-पिता की भी बेरहमी से पिटाई की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। मारपीट के बाद घायल महकप्रीत सिंह, उनकी माता और पिता को इलाज के लिए सिविल अस्पताल मोगा में भर्ती कराया गया है। तीनों का उपचार जारी है। पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज पुलिस ने इस मामले में अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श निवासी पत्ती जंगीर चडिक, मनप्रीत सिंह निवासी बुघीपुरा, जयदीप सिंह निवासी धुडकोट और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश है। महकप्रीत सिंह ने बताया कि करीब दो महीने पहले उनका आरोपियों के साथ झगड़ा हुआ था, जिसकी दुश्मनी में यह वारदात की गई। जांच अधिकारी ने जानकारी दी कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *