मिर्जापुर में सभासदों ने नगर पालिका कार्यालय में तालाबंदी की:प्रदर्शन कर ईओ पर लगाए विकास काम कराने में लापरवाही का आरोप

मिर्जापुर में सभासदों ने नगर पालिका कार्यालय में तालाबंदी की:प्रदर्शन कर ईओ पर लगाए विकास काम कराने में लापरवाही का आरोप

मिर्जापुर में नगर पालिका परिषद के सभासदों ने जनसमस्याओं की अनदेखी और विकास कार्यों में देरी के विरोध में ईओ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। आक्रोशित सभासदों ने नगर पालिका के जोनल कार्यालय समेत अन्य दफ्तरों में तालाबंदी कर जोरदार प्रदर्शन किया। सभासदों का आरोप है कि जनता ने उन्हें वार्ड की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए चुना है, लेकिन ईओ की कार्यशैली के कारण वे अपने दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन नहीं कर पा रहे हैं। उनका कहना है कि अधिकारी से मिलने की कोशिश करने पर अक्सर उन्हें “मीटिंग” का हवाला देकर टाल दिया जाता है। प्रदर्शन के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शासन ने ईओ को क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए नियुक्त किया है, लेकिन वे अपनी जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर नहीं हैं। उनका आरोप है कि अधिकारी को न तो जनता की समस्याओं से कोई सरोकार है और न ही वार्डों के विकास से।
सभासद संदीप कुमार पाठक ने बताया कि नगर में साफ-सफाई, नाली और अन्य बुनियादी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई, जिसके चलते उन्हें मजबूर होकर यह कदम उठाना पड़ा। इस विरोध प्रदर्शन में दुर्गा यादव, राम यादव, दुर्गा देवी के प्रतिनिधि किशन कसेरा, मकरी खो वार्ड के सभासद अलंकार जायसवाल, बसई वार्ड के प्रतिनिधि विकास यादव, रूखड़ घाट के सभासद धीरज सोनकर सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभासदों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। नगर क्षेत्र में पहले से ही साफ-सफाई और नाली व्यवस्था को लेकर जनता में नाराजगी है, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो सकती है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *