मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ स्थित महादेव विहार कॉलोनी में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर में करीब 6 फीट लंबा सर्प दिखाई दिया। सांप को देखते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना देने पर सर्प मित्र सरफराज तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने सूझबूझ के साथ करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सांप का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। इसके बाद सांप को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया गया। जानकारी के अनुसार, पकड़ा गया सांप इंडियन कोबरा (भारतीय नाग) प्रजाति का था, जो अत्यंत जहरीला होता है। सर्प मित्र सरफराज ने इसकी उम्र लगभग 13 से 15 वर्ष के बीच बताई है। उन्होंने बताया कि इस प्रजाति के सांप में न्यूरोटॉक्सिन नामक जहर पाया जाता है, जो इंसानों के लिए बेहद खतरनाक होता है। सर्प मित्र सरफराज पिछले 10 वर्षों से वन्यजीवों के रेस्क्यू कार्य में सक्रिय हैं। वे अब तक करीब 6 हजार से अधिक जीवों का सुरक्षित रेस्क्यू कर चुके हैं। इनमें सांप, गोयरा, मगरमच्छ, अजगर, कब्र बिच्छू, लेपर्ड, हाइना और बड़ी मधुमक्खियां जैसे जीव शामिल हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय नाग भारत में व्यापक रूप से पाया जाता है और पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यह सांप चूहों और मेंढ़कों की संख्या नियंत्रित कर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में मदद करता है। सर्प मित्र सरफराज ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं सांप या कोई अन्य जहरीला जीव दिखाई दे तो घबराएं नहीं और उसे मारने के बजाय तुरंत पुलिस या सर्प मित्र को सूचना दें, ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।


