मथुरा के माधवपुरी मोहल्ले में दबंगई का एक मामला सामने आया है। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ लोग एक महिला के साथ अभद्र व्यवहार करते और परिवार को धमकाते हुए दिख रहे हैं। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि पड़ोस में रहने वाले कुछ लोग लंबे समय से उन्हें परेशान कर रहे हैं। ये लोग घर के सामने अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े करते हैं और सायरन बजाकर आसपास के लोगों को भी परेशान करते हैं। हाल ही में आरोपियों ने घर के सामने विद्युत केबल को जमीन से मात्र एक फुट ऊपर डाल दिया। जब परिवार ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित परिवार इस घटना के बाद से भयभीत है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्होंने कई बार स्थानीय प्रशासन और पुलिस से शिकायत की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। न्याय की उम्मीद में पीड़ित परिवार ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। यह वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। अब देखना होगा कि पुलिस और प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।


