लुधियाना के राधा स्वामी कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर एक 17 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान शिवम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी का निवासी था और लुधियाना में अपने बड़े भाई के साथ रहता था। शिवम के बड़े भाई सूरज ने बताया कि वह रोज की तरह काम पर गया था। दोपहर में जब वह खाना खाने के लिए कमरे में लौटा, तो उसने शिवम को छत से फंदे के सहारे लटका हुआ पाया। सूरज ने तुरंत पड़ोसियों को बुलाया और उनकी मदद से शिवम को नीचे उतारा। पुलिस जांच में जुटी परिजनों और स्थानीय लोगों ने शिवम को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना मेहरबान के इंचार्ज जगदीप सिंह गिल ने बताया कि पुलिस को इस घटना की सूचना नहीं मिली थी, लेकिन अब मामले की जांच की जा रही है। शिवम ने नौवीं कक्षा तक पढ़ाई की थी। फिलहाल उसकी आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


