लखनऊ के महानगर इलाके में टप्पेबाजी का एक मामला सामने आया है। 21 जनवरी को दो टप्पेबाजों ने रुपए का लालच देकर 75 वर्षीय महिला से करीब चार लाख रुपये के गहने ठग लिए। पीड़िता ने महानगर थाने में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। महानगर के निशातगंज निवासी उर्मिला गुप्ता के मुताबिक, 21 जनवरी को दोपहर करीब तीन बजे वह गोल चौराहा स्थित आर्चीज गैलरी शोरूम में खरीदारी करने पहुंची थीं। इसी दौरान वहां दो युवक उनसे बातचीत में उलझ गए। आरोपियों ने खुद को जान-पहचान का बताते हुए गहनों की कीमत से ज्यादा रुपये देने का झांसा दिया। बातों में आकर उर्मिला गुप्ता ने अपने पहने हुए सोने के कान के बाले, मंगलसूत्र, अंगूठी और नाक की कील उन्हें सौंप दी। आरोपियों ने बदले में अखबार में लिपटा हुआ एक बंडल दिया और वहां से फरार हो गए। घर पहुंचने पर जब पीड़िता ने बंडल खोला तो उसमें नोट के आकार के कागज निकले। पीड़िता ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। जिसके बाद महानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। इंस्पेक्टर अखिलेश मिश्र ने बताया कि शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी नजर आए हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं।


