खन्ना में कैबिनेट मंत्री-SSP ने लगाई दौड़:मैराथन में हुए शामिल, खेल मुकाबलों और योग से नशे दूर रहने का दिया संदेश

खन्ना में कैबिनेट मंत्री-SSP ने लगाई दौड़:मैराथन में हुए शामिल, खेल मुकाबलों और योग से नशे दूर रहने का दिया संदेश

खन्ना पुलिस ने पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशे विरुद्ध और गैंगस्टरों पर वार’ मुहिम के तहत एक विशेष संपर्क कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध और एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने नशा विरोधी मैराथन में हिस्सा लिया और लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस द्वारा आयोजित मैराथन दौड़ से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों और सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों ने भाग लिया। नई पीढ़ी को स्वस्थ गतिविधियों की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता और विभिन्न खेल मुकाबले भी आयोजित किए गए। इस अवसर पर एक योगा सेशन का भी आयोजन किया गया, जिसमें कैबिनेट मंत्री और एसएसपी ने स्वयं भाग लिया। योग के माध्यम से मन और शरीर को स्वस्थ रखने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज से नशे की बुराई को खत्म कर एक बेहतर और सुरक्षित समाज का निर्माण करना था। कैबिनेट मंत्री ने की खन्ना पुलिस की सराहना इस दौरान मीडिया से बात करते हुए कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध ने पंजाब सरकार और खन्ना पुलिस के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार या पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। ऐसे कार्यक्रम लोगों में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने बताया कि पंजाब सरकार की मुहिम के तहत पुलिस लगातार संपर्क कार्यक्रम चला रही है, ताकि आम जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित किया जा सके। उन्होंने जोर दिया कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल से सामाजिक बुराइयों को जड़ से खत्म करना आसान हो जाता है। कार्यक्रम के दौरान एक संपर्क कमेटी की बैठक भी आयोजित की गई। इसमें विभिन्न वर्गों के लोगों से सुझाव लिए गए। लोगों ने नशे और गैंगस्टरवाद के खिलाफ और सख्त कदम उठाने की मांग की और पुलिस को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *