कौशांबी जिले में एक किशोरी को प्रेम जाल में फंसाकर उसके पड़ोसी लड़के ने कथित तौर पर रेप किया। किशोरी के गर्भवती होने पर आरोपी की बहन ने उसका गर्भपात करा दिया। बाद में शादी का रिश्ता तय होने पर आरोपी ने किशोरी की अश्लील तस्वीरें वायरल कर दीं। इस मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। यह घटना महेवाघाट क्षेत्र की है। बीते 2 दिसंबर को एक महिला ने महेवाघाट थाने में शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले एक लड़के ने उसकी नाबालिग बेटी को प्रेम जाल में फंसा लिया था। शादी का झांसा देकर लड़के ने चार साल तक किशोरी का यौन शोषण किया। इसी दौरान किशोरी गर्भवती हो गई। इसकी जानकारी होने पर आरोपी की बहन, जो पेशे से प्राइवेट नर्स है, उसने अपने अस्पताल में किशोरी का गर्भपात करा दिया। महिला के अनुसार, इन सब घटनाओं के बावजूद परिवार ने चुप्पी साधे रखी और बेटी की शादी का रिश्ता तय कर दिया था। आरोप है कि आरोपी लड़के ने किशोरी की अश्लील तस्वीरें उसके रिश्तेदारों को भेज दीं, जिससे शादी का रिश्ता टूट गया। इसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। कौशांबी के सीओ जनेश्वर मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और उसे न्यायालय में बयान दर्ज कराने के लिए भी भेजा गया है। सीओ ने आश्वासन दिया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


