कौशाम्बी में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से महिला:खेत की मेड़ से जा रही थी, परिजनों ने की कार्रवाई की मांग

कौशाम्बी में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से महिला:खेत की मेड़ से जा रही थी, परिजनों ने की कार्रवाई की मांग

कौशाम्बी जिले के सरायअकील थाना क्षेत्र के इमली गांव में बुधवार सुबह 6 बजे एक महिला की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई। खेत की मेड़ पर पैदल जा रही 30 वर्षीय किरण कोरी टूटे पड़े विद्युत तार की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही जान चली गई। मृतका की पहचान इमली गांव निवासी कुलदीप की पत्नी किरण कोरी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि किरण सुबह करीब 6 बजे घर से खेत की ओर जा रही थीं। रास्ते में पहले से टूटकर गिरे हाईटेंशन तार पर उनका ध्यान नहीं गया और वह सीधे हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आ गईं। करंट लगते ही वह बुरी तरह झुलस गईं और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराने के लिए कटरा स्थित म्योहर पावर हाउस में कई बार फोन किया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। इस दौरान महिला का पैर काफी देर तक करंट की चपेट में जलता रहा, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। सूचना मिलने पर भगवानपुर चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के पति कुलदीप खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं, जो पढ़ाई कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि हाईटेंशन विद्युत तार लंबे समय से जर्जर अवस्था में पड़ा था। उन्होंने कई बार विद्युत विभाग को शिकायत कर मरम्मत की मांग की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जांच के लिए आने वाले अवर अभियंता (जेई) भी हर बार आश्वासन देकर टालते रहे। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते तार की मरम्मत कर दी गई होती, तो यह हादसा टल सकता था। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे का जिम्मेदार ठहराते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को आर्थिक मुआवजा दिए जाने की मांग की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *