करनाल जिला के निगदू में गुरुद्वारे के पास ब्लैक थार गाड़ी में सवार 10-15 युवकों ने मारूति कार सवार युवक पर हमला कर दिया। हमलावरों ने कार के शीशे तोड़ दिए और लाठी-डंडों व तेजधार हथियारों से वार किए। जान बचाने के लिए पीड़ित युवक अपनी कार लेकर सीधे थाने के बाहर पहुंचा और अंदर भागकर खुद को सुरक्षित किया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। गुरुद्वारे के पास घेरकर किया हमला
पीड़ित युवक ने बताया कि वह निगदू में गुरुद्वारे के पास से गुजर रहा था, तभी थार और अन्य गाड़ियों में सवार 10-15 युवक आए और उसे घेर लिया। आरोपियों ने बिना कुछ कहे उसकी कार पर हमला शुरू कर दिया। तेजधार हथियारों और लाठी-डंडों से कार के शीशे तोड़ दिए गए और उसे भी निशाना बनाया गया। थाने में घुसकर बचाई जान
हमले के दौरान युवक किसी तरह वहां से निकला और अपनी कार लेकर सीधे निगदू थाने के बाहर पहुंच गया। उसने गाड़ी बाहर खड़ी की और तुरंत थाने के अंदर भाग गया। इससे उसकी जान बच सकी। हमलावर युवक पीछा करते हुए वहां तक आए, लेकिन बाद में मौके से फरार हो गए। पहले भी हुआ था विवाद, नहीं हुई कार्रवाई
पीड़ित का कहना है कि इसी दिन दोपहर को भी आरोपियों के साथ उसका झगड़ा हुआ था। उसने इसकी जानकारी पुलिस को दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने दोबारा हमला कर दिया। मेडिकल के बाद पुलिस कर रही जांच
हमले में युवक को चोटें आई हैं और उसके कपड़े भी फट गए। पीड़ित ने बताया कि उसने मेडिकल करवाने के बाद पुलिस को शिकायत दे दी है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और मामले की जांच जारी है।


