करनाल शहर में ऑनलाइन ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां पार्ट टाइम जॉब का लालच देकर युवक से 2 लाख 43 हजार रुपए ठग लिए गए। आरोपी ने व्हाट्सऐप और टेलीग्राम के माध्यम से संपर्क कर निवेश के नाम पर अलग-अलग किश्तों में पैसे ट्रांसफर करवाए। जब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ तो उसने साइबर क्राइम थाना में शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। व्हाट्सऐप पर आया जॉब का मैसेज
करनाल के राम नगर निवासी हिमांशु ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीती 23 फरवरी को उसके व्हाट्सऐप पर पार्ट टाइम जॉब का मैसेज आया। आरोपी ने उसे टेलीग्राम चैनल का लिंक भेजा, जिस पर क्लिक कर उसने चैनल ज्वाइन कर लिया। ऐप में निवेश का झांसा देकर शुरू करवाई पेमेंट
टेलीग्राम चैनल में आरोपी ने वीबुल ऐप में निवेश करने का झांसा दिया और सबसे पहले 26 हजार रुपए जमा करवाए। यह रकम बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते से पेटीएम के जरिए ट्रांसफर की गई। इसके बाद 50 हजार रुपए और जमा करवाए गए। लगातार अलग-अलग खातों से करवाई रकम ट्रांसफर
आरोपियों ने भरोसा दिलाकर पीड़ित से कई बार पैसे ट्रांसफर करवाए। 39 हजार रुपए एचडीएफसी बैंक खाता से पेटीएम के जरिए भेजे गए। इसके बाद 48 हजार रुपए उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक खाते से भेजे गए। इसके बाद आरोपी ने 50 हजार रुपए यस बैंक खाते से ट्रांसफर करवाए। अंत में इसी खाते से 30 हजार रुपए और ट्रांसफर करवाए गए। डेढ़ लाख और मांगने पर हुआ शक
इतनी रकम जमा करवाने के बाद आरोपी ने कहा कि ऐप में किया गया निवेश होल्ड हो गया है और उसे दोबारा एक्टिव करने के लिए डेढ़ लाख रुपए और जमा कराने होंगे। साथ ही लालच दिया कि इसके बाद पूरा पैसा मुनाफे सहित वापस मिल जाएगा। इस पर हिमांशु को शक हुआ और उसने आगे कोई भुगतान नहीं किया। साइबर पोर्टल पर भी की शिकायत
पीड़ित ने तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद 04 अप्रैल को साइबर थाना करनाल में लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई कृष्ण को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और पैसे की रिकवरी के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही लोगों को ऑनलाइन निवेश और पार्ट टाइम जॉब के नाम पर आने वाले ऐसे मैसेज से सावधान रहने की अपील की गई है।


