करनाल जिला के गांव रसूलपुर में पंचायत द्वारा सुरक्षा के लिए लगाए गए कैमरों को तोड़ने और चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना 5 मार्च की रात करीब 10 बजे की है, जब कुछ युवक नशे की हालत में गांव के चौक और अन्य स्थानों पर लगे कैमरों के साथ तोड़फोड़ करते हुए कुछ कैमरे अपने साथ ले गए। इस घटना से पंचायत की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है और गांव की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई है। घटना के करीब 23 दिन बाद पंचायत ने मामले की शिकायत पुलिस को दी और शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरपंच ने दी लिखित शिकायत
ग्राम पंचायत रसूलपुर के सरपंच बालकिशन सिंह ने डीएसपी इन्द्री को दी शिकायत में बताया कि गांव में चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए चौक व अन्य जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। 5 मार्च की रात अजय उर्फ शिलु पुत्र रणबीर, विक्रम पुत्र रामबीर और उनके साथ अन्य लड़के, जिनमें रजत पुत्र रणबीर भी शामिल है, ने नशे में धुत होकर कैमरों को नुकसान पहुंचाया। पहले भी कर चुके हैं नुकसान
शिकायत में बताया गया कि उक्त युवक पहले भी पंचायत की संपत्ति को नुकसान पहुंचा चुके हैं और इनके खिलाफ पहले भी दरखास्त दी जा चुकी है। अजय उर्फ शिलु को आपराधिक प्रवृत्ति का बताया गया है, जिसके खिलाफ थाना इन्द्री में कई शिकायतें दर्ज हैं। सरपंच ने पंचायत के नुकसान की भरपाई आरोपियों से करवाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पंचों ने भी किया समर्थन
इस शिकायत में पंचायत सदस्य ममता, सुनील कुमार, सुखविंद्र सिंह और अजीत सिंह ने भी समर्थन किया है। सरपंच बालकिशन सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई, जबकि आरोपियों में अजय पुत्र रणबीर और विक्रम के नाम भी दिए गए हैं। पुलिस ने दर्ज किया केस
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीती रात मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच थाना इन्द्री में तैनात एसआई राजा राम को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि पुलिस ने अजय उर्फ शिलु पुत्र रणबीर और विक्रम पुत्र रामबीर सहित अन्य के खिलाफ सरकारी कैमरे तोड़ने और चोरी करने के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


