करनाल जिले के निसिंग और कुंजपुरा थाना क्षेत्र में चोरी की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। एक मामले में ट्रक से धान की दर्जनों बोरियां चोरी हो गईं, जबकि दूसरे मामले में औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री का ताला तोड़कर चोर कीमती सामान उठा ले गए। दोनों मामलों में पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दिल्ली निवासी हरजीत सिंह ने निसिंग थाने में शिकायत दी कि वह ट्रक ड्राइवर है। 25 जनवरी को वह धान लोड करके हरियाणा राइस मिल, निसिंग पहुंचा था। राइस मिल के बाहर मेन सड़क पर ट्रक खड़ा कर वह रात को वहीं सो गया। सुबह जब उसकी आंख खुली तो उसने देखा कि उसके ट्रक से अज्ञात चोर करीब 66-67 धान की बोरी चोरी कर ले गए। खुद की तलाश में नहीं मिला सुराग हरजीत सिंह के अनुसार, चोरी का पता चलने के बाद उसने अपने स्तर पर चोरों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। इसके बाद उसने मामले की शिकायत पुलिस को की। जिसके बाद पुलिस ने मुकद्मा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुंजपुरा में फैक्ट्री का ताला तोड़कर चोरी दूसरी घटना कुंजपुरा थाना क्षेत्र की है। नेवल निवासी बरयान सिंह ने कुंजपुरा पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुंजपुरा रोड पर हवाई अड्डे के नजदीक उसकी राधे कृष्ण इंडस्ट्रिज नाम से फैक्ट्री है। 12 जनवरी की रात करीब 2 से 2.30 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने फैक्ट्री के ऑफिस का ताला तोड़ दिया। फैक्ट्री से उठा ले गए कई सामान चोर फैक्ट्री से एक एलईडी, सीसीटीवी सेट डीवीआर सहित, रूम हीटर, टूलू पंप मोटर 3 एचपी, गैस सिलेंडर रेगुलेटर और पाइप सहित, इनवर्टर सेट बैटरी सहित और अन्य सामान जैसे करणी, एक दर्जन चादरें और तकिए चोरी कर ले गए। सुबह जब फैक्ट्री में चोरी का पता चला तो मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुंजपुरा थाने में भी केस दर्ज
बरयान सिंह की शिकायत पर कुंजपुरा थाना में 27 जनवरी की रात मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने फैक्ट्री का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है और जल्द ही सुराग मिलने की उम्मीद है।


