कानपुर में बर्फीली हवा ने बढ़ाई गलन:घने कोहरे से विजिबिलिटी कम हुई, वंदेभारत, तेजस और शताब्दी घंटों लेट रहीं

कानपुर में बर्फीली हवा ने बढ़ाई गलन:घने कोहरे से विजिबिलिटी कम हुई, वंदेभारत, तेजस और शताब्दी घंटों लेट रहीं

शीतलहर व कोहरे ने पूरे दिन गलन वाली सर्दी का एहसास कराया। रविवार को सुबह घना कोहरा छाया रहा। पूरे दिन धूप नहीं निकली और धुंध छाई रही। ऐसे में पूरे दिन गलन रही। सर्दी से बचाव के लिए लोग दिन में भी अलाव तापते दिखे। तेज बर्फीली हवाओं से लोग बेहाल रहे। बीते 24 घंटे में दिन का तापमान 4.4 डिग्री गिरने से दिन में भी ठंडक बढ़ी है। सीएसए की ओर से जारी वेदर रिपोर्ट के अनुसार अधिकतम तापमान 14.3 डिग्री दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 7.5 डिग्री कम है। जबकि शनिवार को अधिकतम तापमान 18.7 डिग्री दर्ज किया गया था। सुबह गिरी ओस की बूंदें सुबह से ही कोहरे के साथ ओस की बूंदे भी गिरती रही। सुबह घने कोहरे के चलते विजिबिलिटी शून्य दर्ज की गई। छुट्‌टी वाले दिन लोगों को भीषण ठंड का एहसास हुआ। न्यूनतम तापमान में भी एक दिन में 1.4 डिग्री गिरकर 8.2 डिग्री दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 0.3 डिग्री कम है। दिन में भी बर्फीली हवाएं चलती रहीं। देर शाम से ही सड़कों पर धुंध छाने लगी। जो कि देर रात होते होते घने कोहरे में तब्दील हो गई। छाए रहेंगे बादल मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि कानपुर मंडल में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। दिन में धूप निकल सकती है, लेकिन सुबह शाम का धुंध और कोहरा बना रहेगा। आने वाले दिनों में उत्तर पश्चिमी हवाओं की गति बढ़ेगी, जिससे दोपहर में धुंध व कोहरा कम हो सकता है। भू-मध्य रेखा व बंगाल की खाड़ी में उठी हलचल के चलते बादल छा सकते हैं। हालांकि आने वाले 24 घंटों में बारिश की संभावना नहीं है। 41 ट्रेनें रही लेट बीते कई दिनों से कोहरे के चलते ट्रेनें भी देरी से कानपुर सेंट्रल पहुंच रही हैं। रविवार को 41 ट्रेनें तय समय से घंटों देरी से स्टेशन पहुंची। अयोध्या कैंट से चलकर आनंद विहार टर्मिनल जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस (22425) 2.56 घंटे, बनारस से नई दिल्ली जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस (22435) 04.09 घंटे, वाराणसी से आगरा कैंट जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस (20175) 04.28 घंटे, नई दिल्ली से बनारस जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस (22416) 06.29 घंटे देरी से आई। नई दिल्ली से लखनऊ जाने वाली तेजस एक्सप्रेस (82502) 05.11 घंटे लेट रही। लखनऊ से चलकर नई दिल्ली जाने वाली स्वर्ण शताब्दी (12003) 5.13 घंटे देरी से सेंट्रल पहुंची। इनके अलावा राजधानी व अन्य ट्रेनें भी लेट रहीं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *