कन्नौज जिले के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र में एक किशोरी से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। विरोध करने पर आरोपियों ने किशोरी के पिता की पिटाई की और उनके घर पर भाले व पत्थरों से हमला किया। पीड़ित दो दिन बाद भी पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगा रहे हैं। ताखेपुर्वा गांव निवासी एक किसान की बेटी के साथ गांव के ही कुछ युवकों ने कथित तौर पर अश्लीलता और छेड़छाड़ की। जब किशोरी ने इसका विरोध किया, तो युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। घर पहुंचे किशोरी के पिता ने जब अपनी बेटी के साथ अभद्रता देखी, तो उन्होंने भी विरोध किया। इससे बौखलाए युवकों ने उनके दरवाजे पर पहुंचकर मारपीट की। जब किसान ने दरवाजा बंद कर लिया, तो आरोपियों ने भाले से कई बार हमला किया, जिससे लोहे के गेट में छेद हो गए। इसके बाद हमलावरों ने पड़ोस की छत से किसान के घर पर गाली-गलौज करते हुए पथराव किया। पीड़ित परिवार ने इस घटना का वीडियो बना लिया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के दूसरे दिन भी पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी अजय कुमार अवस्थी से संपर्क नहीं हो सका।


