जींद में 77वां गणतंत्र दिवस सोमवार को हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। पुलिस लाइन में जिला स्तरीय समारोह में हरियाणा की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण से पूर्व मंत्री श्रुति चौधरी ने गोहाना रोड स्थित शहीदी स्मारक पर जाकर पुष्पचक्र अर्पित किए और देश की आजादी के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीरों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मंत्री ने ध्वजारोहण के बाद खुले वाहन में परेड का निरीक्षण किया और मार्च-पास्ट की सलामी ली। परेड का नेतृत्व डीएसपी संदीप ने किया, जिसमें हरियाणा पुलिस, होम गार्ड, एनसीसी और स्काउट-गाइड्स की 9 टुकड़ियों ने कदम से कदम मिलाकर अपनी अनुशासित शक्ति का प्रदर्शन किया। मंत्री श्रुति चौधरी ने जिला वासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि हमारा संविधान ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए विकसित भारत के संकल्प को दोहराया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन समारोह के दौरान विभिन्न स्कूलों के सैकड़ों विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए मास पीटी और डम्बल शो ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। साथ ही, विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा निकाली गई 19 भव्य झांकियों के माध्यम से प्रदेश और जिले में हो रहे विकास कार्यों व सरकारी योजनाओं का प्रदर्शन किया गया। प्रतिभाओं और स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने स्वतंत्रता सेनानियों, युद्ध वीरांगनाओं और शहीदों के परिजनों को सम्मानित कर उनका आभार व्यक्त किया। इसके अलावा, शिक्षा, खेल, समाज सेवा और प्रशासनिक कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों व नागरिकों को भी जिला स्तरीय पुरस्कारों से नवाजा गया। उपमंडलों में भी रही गणतंत्र दिवस के कार्यक्रमों की धूम जींद के अन्य उपमंडलों में भी तिरंगा पूरी शान से लहराया। यहां ध्वजा रोहण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी हुआ।


